धनबाद में एचपीवी टीकाकरण को लेकर तैयारी तेज, 30 मार्च से अभियान शुरू
Edited by Akshay prakash
धनबाद: जिले में सर्वाइकल कैंसर की रोकथाम को लेकर स्वास्थ्य विभाग पूरी तरह सक्रिय हो गया है। इसी कड़ी में बुधवार को एचपीवी (ह्यूमन पैपिलोमा वायरस) टीकाकरण अभियान को सफल बनाने के लिए डिस्ट्रिक्ट टास्क फोर्स की महत्वपूर्ण बैठक आयोजित की गई। बैठक में अभियान की रूपरेखा, तैयारियों और जिम्मेदारियों को लेकर विस्तृत चर्चा की गई।
बैठक में बताया गया कि जिले में 30 मार्च 2026 से एचपीवी टीकाकरण अभियान की शुरुआत की जाएगी। यह टीकाकरण विशेष रूप से किशोरियों को सर्वाइकल कैंसर से बचाव के उद्देश्य से किया जा रहा है। अधिकारियों ने कहा कि समय पर टीकाकरण से इस गंभीर बीमारी की रोकथाम संभव है।
अभियान को सफल बनाने के लिए शिक्षा विभाग और स्वास्थ्य विभाग के बीच समन्वय स्थापित करने पर जोर दिया गया। सभी सरकारी एवं निजी स्कूलों में जागरूकता अभियान चलाने का निर्देश दिया गया है, ताकि छात्राओं और उनके अभिभावकों को टीकाकरण के महत्व के बारे में जानकारी मिल सके।
बैठक में संबंधित अधिकारियों को निर्देश दिया गया कि वे अपने-अपने क्षेत्र में माइक्रो प्लान तैयार करें, जिससे शत-प्रतिशत लक्षित लाभार्थियों तक टीका पहुंच सके। इसके तहत स्कूलवार सूची, टीकाकरण स्थल, टीमों की तैनाती और समय-सारिणी सुनिश्चित करने को कहा गया है।
स्वास्थ्य विभाग के अधिकारियों ने बताया कि टीकाकरण अभियान के दौरान सुरक्षा और गुणवत्ता का विशेष ध्यान रखा जाएगा। साथ ही, किसी भी तरह की भ्रांतियों को दूर करने के लिए जागरूकता कार्यक्रम भी चलाए जाएंगे।जिला प्रशासन ने सभी अभिभावकों से अपील की है कि वे इस अभियान में सहयोग करें और अपनी बेटियों को समय पर टीका लगवाकर उन्हें गंभीर बीमारी से सुरक्षित करें।
रिपोर्ट: अक्षय प्रकाश
Comments
Post a Comment