रांची में गैस सिलिंडर कालाबाजारी का भंडाफोड़, मकान में चल रहा था अवैध रिफिलिंग का खेल
रांची : राजधानी रांची में गैस सिलिंडर की कालाबाजारी के खिलाफ जिला प्रशासन ने बड़ी कार्रवाई करते हुए एदलहातु इलाके में अवैध गैस रिफिलिंग के गोरखधंधे का खुलासा किया है। गुप्त सूचना के आधार पर की गई छापेमारी में एक किराए के मकान से घरेलू और व्यावसायिक गैस सिलिंडरों का अवैध भंडारण एवं रिफिलिंग का काम संचालित होते पाया गया।प्राप्त जानकारी के अनुसार 24 मार्च की रात करीब 8:55 बजे प्रशासनिक टीम ने मौके पर दबिश दी। टीम के पहुंचते ही इलाके में अफरा-तफरी मच गई। तलाशी के दौरान मकान के भीतर गैस रिफिलिंग की पूरी अवैध व्यवस्था मिली, जिससे स्पष्ट हुआ कि यहां लंबे समय से कालाबाजारी का नेटवर्क सक्रिय था।
जांच में सामने आया कि आरोपी ने किराए के मकान में घरेलू गैस सिलिंडरों से गैस निकालकर छोटे और व्यावसायिक सिलिंडरों में भरने का अवैध कारोबार शुरू कर रखा था। अधिक कीमत वसूलकर गैस की कालाबाजारी की जा रही थी। अधिकारियों के अनुसार यह गतिविधि न केवल कानून का उल्लंघन है बल्कि सुरक्षा के लिहाज से भी बेहद खतरनाक है, क्योंकि ऐसी रिफिलिंग से कभी भी बड़ा हादसा हो सकता था।छापेमारी के दौरान तीन भरे और दो खाली इंडेन घरेलू सिलिंडर, एक भरा एचपी सिलिंडर, एक छोटा खाली सिलिंडर तथा दो व्यावसायिक सिलिंडर बरामद किए गए। साथ ही गैस रिफिलिंग मशीन, रेगुलेटर, पाइप और डिजिटल वजन मशीन भी जब्त की गई। मौके पर जप्ती सूची तैयार कर सभी सामान संबंधित एजेंसियों को सौंप दिया गया।
मामले में आवश्यक वस्तु अधिनियम के तहत संबंधित थाने में प्राथमिकी दर्ज कर ली गई है। रांची उपायुक्त मंजूनाथ भजंत्री ने स्पष्ट कहा है कि अवैध भंडारण, रिफिलिंग और कालाबाजारी करने वालों के खिलाफ लगातार सख्त कार्रवाई जारी रहेगी और दोषियों को किसी भी हालत में बख्शा नहीं जाएगा।जिला प्रशासन ने आम लोगों से अपील की है कि गैस सिलिंडर की कालाबाजारी या संदिग्ध गतिविधि की सूचना तुरंत प्रशासन या नजदीकी थाना को दें, ताकि समय रहते कार्रवाई की जा सके।
रिपोर्ट: रोहित साह डेस्क
Comments
Post a Comment