रन फॉर झारखंड” के साथ धनबाद में रजत जयंती समारोह की शुरुआत,उपायुक्त आदित्य रंजन ने दिखाई एकता की दौड़, युवाओं में दिखा जोश और उत्साह
Edited by Akshay prakash
धनबाद:झारखंड राज्य स्थापना के 25वें गौरवशाली वर्ष (रजत जयंती) के उपलक्ष्य में सोमवार को धनबाद में “रन फॉर झारखंड” कार्यक्रम का भव्य आयोजन किया गया। कार्यक्रम की शुरुआत रणधीर वर्मा स्टेडियम से हुई, जहाँ सुबह से ही जिले के सैकड़ों प्रतिभागी, छात्र-छात्राएँ, खिलाड़ी, स्वयंसेवी संगठन और प्रशासनिक पदाधिकारी एकत्र हुए।
दौड़ का शुभारंभ उपायुक्त सह जिला दंडाधिकारी आदित्य रंजन ने हरी झंडी दिखाकर किया। उपायुक्त स्वयं भी प्रतिभागियों के साथ दौड़ में शामिल हुए और एकता, ऊर्जा तथा स्वस्थ झारखंड का संदेश दिया। उन्होंने कहा कि “Fit Jharkhand - Healthy Jharkhand” के संदेश को हर नागरिक तक पहुँचाना ही इस आयोजन का मुख्य उद्देश्य है।
शहर के प्रमुख मार्गों से गुजरी दौड़
यह उत्साहभरी दौड़ गोल्फ ग्राउंड से शुरू होकर सिटी सेंटर, पूजा टॉकीज, डीआरएम चौक, कोर्ट मोड़, रणधीर वर्मा चौक होते हुए पुनः गोल्फ ग्राउंड में समाप्त हुई। दौड़ के दौरान प्रतिभागियों ने “जय झारखंड”, “स्वस्थ झारखंड” जैसे नारे लगाते हुए राज्य की एकता और प्रगति का संदेश दिया।
प्रतियोगिता में दिखा युवाओं का उत्साह
कार्यक्रम में बालक एवं बालिका वर्ग में दौड़ प्रतियोगिता का भी आयोजन किया गया।
बालिका वर्ग में —
1️⃣ रूबी कुमारी ने प्रथम स्थान,
2️⃣ तनु कुमारी ने द्वितीय स्थान,
3️⃣ साक्षी कुमारी ने तृतीय स्थान प्राप्त किया।
वहीं बालक वर्ग में —
1️⃣ राकेश महतो प्रथम,
2️⃣ विजय कुमार द्वितीय,
3️⃣ मोतीलाल महतो तृतीय स्थान पर रहे।
विजेताओं को नकद पुरस्कार और ट्रॉफी देकर सम्मानित किया गया।
खेल और सांस्कृतिक गतिविधियों ने बढ़ाया आकर्षण
रन फॉर झारखंड के साथ-साथ स्टेडियम परिसर में जुंबा, आर्चरी, फुटबॉल, बॉक्सिंग, बैडमिंटन जैसे खेलों का भी प्रदर्शन किया गया। इसके अलावा झारखंड की पारंपरिक संस्कृति को दर्शाती झारखंडी नृत्य और लोकगीत प्रस्तुतियों ने दर्शकों को मंत्रमुग्ध कर दिया।
एकता, गौरव और विकास का प्रतीक
उपायुक्त आदित्य रंजन ने कहा कि झारखंड की यह रजत जयंती राज्य के गौरव, एकता और विकास की पहचान है। उन्होंने सभी नागरिकों से आग्रह किया कि वे स्वस्थ जीवनशैली अपनाएं और राज्य के प्रगतिशील निर्माण में योगदान दें।
कार्यक्रम में अनेक प्रशासनिक पदाधिकारी, शिक्षक, छात्र, खिलाड़ी और आम नागरिक शामिल हुए। अंत में प्रतिभागियों को स्मृति चिन्ह प्रदान कर समारोह का समापन हुआ।
संवाददाता – अक्षय प्रकाश
Comments
Post a Comment