दिल्ली धमाके के बाद धनबाद में हाई_अलर्ट, सुरक्षा व्यवस्था चाक-चौबंद, जिलेभर में सघन जांच अभियान जारी
Edited by Akshay prakash
धनबाद: दिल्ली में सोमवार शाम हुए बम धमाके के बाद पूरे झारखंड में सुरक्षा व्यवस्था कड़ी कर दी गई है। इसी क्रम में धनबाद पुलिस ने भी पुलिस मुख्यालय के निर्देश पर जिलेभर में हाई अलर्ट जारी करते हुए सघन जांच अभियान चलाया।
धनबाद के सभी थाना और ओपी प्रभारी अपने-अपने क्षेत्रों में मुस्तैदी से जांच में जुटे रहे। शहर के प्रमुख चौक-चौराहों, बाजारों और संवेदनशील इलाकों में पुलिस ने दोपहिया व चारपहिया वाहनों की गहन जांच की। संदिग्ध व्यक्तियों से पूछताछ और पहचान पत्र की जांच भी की गई।
रेलवे स्टेशन, बस स्टैंड, शॉपिंग मॉल और भीड़भाड़ वाले सार्वजनिक स्थलों पर अतिरिक्त सुरक्षा बलों की तैनाती की गई है। जीआरपी और जिला पुलिस संयुक्त रूप से यात्रियों और उनके सामान की जांच कर रही है। बस स्टैंडों पर भी अतिरिक्त सुरक्षा कर्मियों को लगाया गया है।
धनबाद के सीमावर्ती इलाकों पश्चिम बंगाल और अन्य जिलों से लगने वाली सीमाओं पर भी सघन जांच जारी है। हर आने-जाने वाले वाहन की तलाशी ली जा रही है। शहर के होटल और लॉजों में भी पुलिस ने तलाशी अभियान चलाया।
वरीय पुलिस पदाधिकारियों ने साफ निर्देश दिए हैं कि दिल्ली की घटना के मद्देनज़र किसी भी प्रकार की लापरवाही नहीं बरती जाएगी। सुरक्षा व्यवस्था को और सख्त किया गया है ताकि किसी भी अप्रिय घटना को टाला जा सके।
पुलिस ने आम नागरिकों से अपील की है कि वे सतर्क रहें और किसी भी संदिग्ध गतिविधि या व्यक्ति की जानकारी तुरंत डायल 112 पर दें। साथ ही किसी भी लावारिस वस्तु को हाथ न लगाने और तुरंत पुलिस को सूचित करने की सलाह दी गई है।
Comments
Post a Comment