प्वाइंट्समैन को चार स्तरीय पदोन्नति का रास्ता साफ, वित्त मंत्रालय ने दी मंजूरी


Edited by Akshay prakash 

धनबाद। रेलवे के प्वाइंट्समैन कैटेगरी के लिए बड़ी खुशखबरी सामने आई है। लंबे समय से लंबित चार स्तरीय पदोन्नति संरचना को वित्त मंत्रालय की मंजूरी मिल गई है। यह जानकारी ईसीआरकेयू के महामंत्री एस.एन.पी. श्रीवास्तव ने दी।

श्रीवास्तव ने बताया कि एआईआरएफ महामंत्री शिव गोपाल मिश्रा ने ईसीआरकेयू सहित सभी जोनल यूनियनों को सूचित किया है कि प्वाइंट्समैन की चार स्तरीय पदोन्नति प्रणाली से संबंधित मसौदे पर वित्त मंत्रालय ने सहमति प्रदान कर दी है। इसके बाद अब रेलवे बोर्ड जल्द ही सभी जोनल महाप्रबंधकों को इस संबंध में आधिकारिक पत्र जारी करेगा।

ईसीआरकेयू के अपर महामंत्री एवं एआईआरएफ वर्किंग कमिटी सदस्य मो. ज़्याऊद्दीन ने कहा कि यह उपलब्धि प्वाइंट्समैन के निरंतर संघर्ष और फेडरेशन के प्रयासों का परिणाम है। फेडरेशन के दिशा-निर्देश पर ईसीआरकेयू समेत सभी जोनल यूनियनों ने प्वाइंट्समैन को उनका वाजिब अधिकार दिलाने के लिए लगातार प्रयास किया।
उन्होंने बताया कि मांग को लेकर रेलवे मंत्रालय और रेलवे बोर्ड स्तर पर कई बैठकें हुईं, जिसमें विभागीय अड़चनों को तथ्यपूर्ण तरीके से दूर किया गया। हालांकि वित्तीय भार के कारण प्रस्ताव आगे नहीं बढ़ पा रहा था। इस पर एआईआरएफ महामंत्री शिव गोपाल मिश्रा ने स्वयं हस्तक्षेप करते हुए फाइल को वित्त मंत्रालय भेजने और वहां इसका महत्व बताने की पहल की। अंततः मंत्रालय ने इसे उचित मानते हुए मंजूरी दे दी।

अब जल्द ही प्वाइंट्समैन कैटेगरी को चार स्तरीय पदोन्नति का सीधा लाभ मिलेगा, जिससे उनके भविष्य और सेवा अवधि में उल्लेखनीय सुधार होगा।

यह जानकारी ईसीआरकेयू धनबाद मंडल के मीडिया प्रभारी एन.के. खवास ने साझा की है।

रिपोर्ट: अक्षय प्रकाश,अमित शर्मा 

Comments

Popular posts from this blog

चियरधनिया गांव के लोगों ने मुखिया जी को किया सम्मानित

2 पुलिस पदाधिकारियों को सेवानिवृत्ति पर ससम्मान विदाई

बैंक मोड़ थाना परिसर में हर्षोल्लास के साथ मनाया गया,77वां गणतंत्र दिवस थाना प्रभारी प्रवीण कुमार के नेतृत्व में हुआ ध्वजारोहण, संविधान के मूल्यों का दिलाया संदेश