सत्य, ईमानदारी और सादगी का प्रतीक है राष्ट्रपिता का जीवन : उपायुक्त
Edited by Akshay prakash
धनबाद : राष्ट्रपिता महात्मा गांधी की 156वीं एवं पूर्व प्रधानमंत्री लाल बहादुर शास्त्री की 121वीं जयंती धनबाद में श्रद्धा और सम्मान के साथ मनाई गई। इस अवसर पर उपायुक्त आदित्य रंजन, नगर आयुक्त रवि राज शर्मा, अनुमंडल पदाधिकारी राजेश कुमार, सहायक नगर आयुक्त प्रसून कौशिक सहित कई वरीय पदाधिकारियों ने सिटी सेंटर स्थित राष्ट्रपिता महात्मा गांधी एवं लाल बहादुर शास्त्री की आदमकद प्रतिमा पर माल्यार्पण कर उन्हें श्रद्धांजलि अर्पित की।
इसके बाद सभी पदाधिकारी गांधी सेवा सदन पहुंचे और वहां भी गांधी जी की प्रतिमा पर पुष्पांजलि अर्पित की। उपायुक्त ने गांधी सेवा सदन के पुस्तकालय का निरीक्षण किया और परिसर में गांधी म्यूजियम निर्माण का प्रस्ताव तैयार करने का निर्देश दिया।
कार्यक्रम के दौरान पदाधिकारी खादी ग्रामोद्योग संघ भी पहुंचे, जहां उन्होंने राष्ट्रपिता एवं शास्त्री जी की तस्वीर पर माल्यार्पण कर श्रद्धा अर्पित की और चरखा चलाकर बापू के विचारों को आत्मसात किया।
उपायुक्त आदित्य रंजन ने कहा कि महात्मा गांधी का जीवन सत्य, ईमानदारी और सादगी का प्रतीक है। बापू की अहिंसक नीतियां, नैतिक मूल्य और अद्भुत नेतृत्व क्षमता ने आज़ादी के आंदोलन में करोड़ों भारतीयों को जोड़ा। उन्होंने धर्म, भाषा और जाति से ऊपर उठकर समानता का संदेश दिया और दलितों-गैर दलितों के बीच की खाई को पाटने पर बल दिया।
उन्होंने कहा कि गांधी जी अपने अहिंसा के सिद्धांत के लिए पूरी दुनिया में पूजनीय हैं। शांतिपूर्ण सविनय अवज्ञा के जरिए उन्होंने भारत को आज़ादी दिलाई और उनका जीवन हर पीढ़ी के लिए प्रेरणा का स्रोत रहेगा।
पूर्व प्रधानमंत्री लाल बहादुर शास्त्री को याद करते हुए उपायुक्त ने कहा कि उनका जीवन भी मूल्यों और सिद्धांतों पर आधारित रहा। वे असाधारण इच्छाशक्ति वाले महान विचारक थे, जिन्होंने आत्मनिर्भर भारत के निर्माण में महत्वपूर्ण योगदान दिया। उनका नारा “जय जवान, जय किसान” आज भी देशवासियों को प्रेरित करता है।
इस अवसर पर जिला परिषद अध्यक्ष शारदा सिंह, डीएसपी लॉ एंड ऑर्डर नौशाद आलम, ट्रैफिक डीएसपी अरविंद कुमार सिंह, धनबाद थाना प्रभारी राम नारायण ठाकुर, गांधी सेवा सदन के महामंत्री गोपालजी, खादी ग्रामोद्योग संघ के अभय कुमार चौधरी, विमलेश कुमार, किरण सिंह, विजय झा, वी.एन. सिंह, रीता लाला, पम्मी किशोर, रेणु सिन्हा, नागेन्द्र कुमार, सतेन्द्र राय सहित अनेक गणमान्य लोग मौजूद रहे।
Comments
Post a Comment