जिले में पुलिस का एंटी क्राइम चेकिंग अभियान, नशाखोरी और अवैध गतिविधियों पर कसी लगाम
Edited by Akshay prakash
धनबाद:वरीय पुलिस अधीक्षक श्री प्रभात कुमार के निर्देश पर शुक्रवार की शाम जिले के सभी थाना क्षेत्रों में एक साथ एंटी क्राइम चेकिंग अभियान चलाया गया। इस विशेष अभियान का उद्देश्य नशाखोरी पर रोकथाम, अवैध गतिविधियों पर अंकुश, आपराधिक तत्वों की निगरानी और आम नागरिकों में सुरक्षा की भावना को मजबूत करना था।
अभियान के दौरान पुलिस टीमों ने जिलेभर के प्रमुख मार्गों, बाजार क्षेत्रों, बस स्टैंड, रेलवे स्टेशन, होटल, ढाबा और सार्वजनिक स्थलों पर सघन जांच की। वाहनों के कागजातों की जांच के साथ-साथ अड्डाबाजी, जुआ, लॉटरी, अवैध शराब बिक्री और नशे की हालत में वाहन चलाने वालों के विरुद्ध सख्त कार्रवाई की गई। जिन वाहनों के पास आवश्यक दस्तावेज नहीं मिले, उनके चालान काटे गए।
इसके अलावा पुलिस ने कई संदिग्ध व्यक्तियों से पूछताछ भी की। देर शाम पुलिस बल ने विभिन्न थाना क्षेत्रों में फ्लैग मार्च कर लोगों को सुरक्षा का संदेश दिया। इस दौरान नशे की हालत में पाए गए कई लोगों को हिदायत दी गई तथा कुछ को हिरासत में लेकर पूछताछ की गई।अभियान का असर यह रहा कि देर शाम तक असामाजिक जमावड़े और अवैध गतिविधियों में उल्लेखनीय कमी देखी गई।
वरीय पुलिस अधीक्षक श्री प्रभात कुमार ने कहा कि जिले में शांति और कानून-व्यवस्था बनाए रखने के लिए ऐसे अभियान निरंतर चलाए जाएंगे। उन्होंने कहा, “नशाखोरी, अवैध शराब, जुआ और लॉटरी जैसी प्रवृत्तियाँ समाज के लिए नुकसानदेह हैं। इन पर जीरो टॉलरेंस की नीति अपनाई जाएगी।”
उन्होंने आम नागरिकों से अपील की कि वे किसी भी असामाजिक गतिविधि या संदिग्ध व्यक्ति की सूचना तुरंत स्थानीय पुलिस या डायल 112 को दें, ताकि समाज में अमन-चैन और अनुशासन कायम रखा जा सके।
पुलिस की इस सक्रिय कार्रवाई से जिले के असामाजिक तत्वों में हड़कंप मच गया है, जबकि आम जनता ने इस पहल का स्वागत करते हुए कहा कि ऐसे अभियानों से अपराध पर अंकुश लगेगा और लोगों में सुरक्षा की भावना और भी मजबूत होगी।
Comments
Post a Comment