पाकिस्तान से झारखंड तक हथियारों की सप्लाई का खुलासा, रांची पुलिस ने तोड़ा बड़ा गैंग गठजोड़


Edited by Akshay prakash 

रांची, झारखंड: राजधानी रांची पुलिस को बड़ी सफलता मिली है। पुलिस ने खुलासा किया है कि झारखंड के कुख्यात अपराधियों तक पाकिस्तान से ड्रोन के माध्यम से हथियारों की सप्लाई की जा रही थी। ये हथियार पंजाब के मोगा रूट से भारत में भेजे जाते थे और फिर झारखंड सहित देश के अन्य हिस्सों में सक्रिय अपराधी गिरोहों तक पहुंचाए जाते थे।
दो बड़े गैंग का खतरनाक गठजोड़

पुलिस जांच में सामने आया है कि झारखंड में इस समय दो बड़े संगठित अपराधी गिरोह — प्रिंस खान गैंग और सुजीत सिन्हा गैंग — मिलकर काम कर रहे हैं।जेल में बंद सुजीत सिन्हा और विदेश से अपना नेटवर्क चला रहे प्रिंस खान ने हाथ मिला लिया है। जेल से बाहर इस गठजोड़ को सुजीत सिन्हा की पत्नी रिया सिन्हा संचालित कर रही थी।
रिया सिन्हा न केवल रंगदारी कॉल्स और धमकियों को संभाल रही थी, बल्कि कथित संगठन ‘कोयलांचल शांति सेना’ को भी उसी के निर्देशन में चलाया जा रहा था।

रांची पुलिस की बड़ी कार्रवाई

एसएसपी राकेश रंजन के नेतृत्व में पुलिस ने इस गठजोड़ का पर्दाफाश किया। गुप्त सूचना पर कार्रवाई करते हुए पुलिस ने रांची रिंग रोड के पास चतु ओवरब्रिज क्षेत्र से छापेमारी की।
इस दौरान एक वाहन से चार अपराधियों को गिरफ्तार किया गया। तलाशी में पाकिस्तान निर्मित हथियार और कारतूस बरामद किए गए।
ड्रोन के जरिए हथियारों की सप्लाई

सिटी एसपी पारस राणा ने बताया कि पूछताछ के दौरान गिरफ्तार अपराधियों ने चौंकाने वाला खुलासा किया —
इन गिरोहों को पाकिस्तान से ड्रोन के माध्यम से हथियार और गोलियां मोगा (पंजाब) के रास्ते मिलती थीं।
इन हथियारों का इस्तेमाल झारखंड समेत देशभर में उद्योगपतियों और कारोबारियों को धमकाकर रंगदारी वसूलने के लिए किया जा रहा था।
अपराध से होने वाली कमाई का इस्तेमाल फिर हथियार खरीद में

अपराध से कमाई गई रकम को पाकिस्तान से दोबारा हथियार मंगाने में खर्च किया जा रहा था, जिससे अपराध का यह नेटवर्क लगातार मजबूत होता जा रहा था।


रिपोर्ट: पवन शर्मा ब्यूरो 


Comments

Popular posts from this blog

चियरधनिया गांव के लोगों ने मुखिया जी को किया सम्मानित

2 पुलिस पदाधिकारियों को सेवानिवृत्ति पर ससम्मान विदाई

बैंक मोड़ थाना परिसर में हर्षोल्लास के साथ मनाया गया,77वां गणतंत्र दिवस थाना प्रभारी प्रवीण कुमार के नेतृत्व में हुआ ध्वजारोहण, संविधान के मूल्यों का दिलाया संदेश