धनबाद में धूमधाम से मनाया गया दशहरा, उपायुक्त आदित्य रंजन ने किया रावण दहन


Edited by Akshay prakash 

धनबाद। विजयादशमी के अवसर पर धनबाद क्लब परिसर में मंगलवार को भव्य दशहरा उत्सव का आयोजन किया गया। समारोह में उपायुक्त सह जिला दंडाधिकारी एवं धनबाद क्लब के पदेन अध्यक्ष आदित्य रंजन ने रावण, मेघनाद और कुंभकर्ण के पुतलों का दहन कर असत्य पर सत्य की विजय का संदेश दिया।
इस अवसर पर उपायुक्त ने जिलेवासियों और क्लब सदस्यों को विजयादशमी की शुभकामनाएं दीं। उन्होंने कहा कि दशहरा केवल एक पर्व नहीं, बल्कि यह जीवन में सकारात्मक सोच और सद्गुणों को अपनाने का प्रतीक है। रावण दहन से यह संदेश मिलता है कि समाज और व्यक्ति के भीतर मौजूद अहंकार, अन्याय और बुराइयों का अंत कर सच्चाई और धर्म के मार्ग पर चलना चाहिए।
उपायुक्त ने लोगों से जीवन में अनुशासन लाने, इंद्रियों पर नियंत्रण रखने और आत्मसंयम के साथ आगे बढ़ने की अपील की। उन्होंने कहा कि यदि हम अपने भीतर की नकारात्मकताओं को खत्म करें तो समाज स्वतः प्रगति के पथ पर अग्रसर होगा।
दशहरा उत्सव में धनबाद क्लब के पदाधिकारी चेतन गोयनका, अतुल डोकानिया, रूपेश कुमार बंसल, रवि भुवानिया, विशाल कक्कर सहित बड़ी संख्या में क्लब के सदस्य और स्थानीय नागरिक उपस्थित रहे।
धनबाद क्लब में आयोजित इस भव्य कार्यक्रम में रावण, मेघनाद और कुंभकर्ण के पुतलों के दहन के दौरान लोगों ने आतिशबाज़ी और जयघोष के साथ विजयादशमी का पर्व हर्षोल्लास के साथ मनाया।

✍️अक्षय प्रकाश 

Comments

Popular posts from this blog

चियरधनिया गांव के लोगों ने मुखिया जी को किया सम्मानित

2 पुलिस पदाधिकारियों को सेवानिवृत्ति पर ससम्मान विदाई

बैंक मोड़ थाना परिसर में हर्षोल्लास के साथ मनाया गया,77वां गणतंत्र दिवस थाना प्रभारी प्रवीण कुमार के नेतृत्व में हुआ ध्वजारोहण, संविधान के मूल्यों का दिलाया संदेश