उपायुक्त एवं एसएसपी ने विभिन्न छठ घाटों का किया निरीक्षण


Edited by Akshay prakash 

सफाई व्यवस्था, सुरक्षा, प्रकाश, बैरिकेडिंग, यातायात प्रबंधन पर विशेष ध्यान- उपायुक्त

विभिन्न छठ घाटों पर तैनात रहेंगे अनुभवी गोताखोर

धनबाद:आगामी लोक आस्था के महापर्व छठ पूजा को लेकर उपायुक्त सह जिला दंडाधिकारी श्री आदित्य रंजन तथा वरीय पुलिस अधीक्षक श्री प्रभात कुमार ने धनबाद जिला अंतर्गत विभिन्न छठ घाटों का निरीक्षण किया।
इस दौरान उपायुक्त एवं एसएसपी बेकारबांध तालाब, पम्पू तालाब, मनईटॉड छठ तालाब, राजा तालाब झरिया, दामोदर नदी लालबंगला सिंदरी, मोहलबनी घाट, विकास नगर तालाब, समेत विभिन्न छठ घाटों का निरीक्षण कर आवश्यक दिशा निर्देश दिए।
उपायुक्त श्री आदित्य रंजन ने अधिकारियों को निर्देश दिया कि छठ पूजा से पहले सफाई और जमीन का समतलीकरण पूरी तरह से किया जाए और कचरा नदी व तालाब से तुरंत हटाया जाए। लाइटिंग और अन्य व्यवस्थाओं को भी दुरुस्त किया जाए ताकि श्रद्धालुओं को किसी भी प्रकार की परेशानी न हो। वहीं सुरक्षा के लिए छठ घाटों में आवश्कता अनुसार गहरे पानी वाले हिस्सों में बैरिकेडिंग की गई है, ताकि बच्चे और बुजुर्ग सुरक्षित रहें और किसी भी दुर्घटना से बचा जा सके। इसके अलावा गोताखोरों की टीम तथा मेडिकल की टीम भी घाटों पर तैनात रहेगी। 
उपायुक्त श्री आदित्य रंजन ने छठव्रतियों से अपील की कि वे पूजा के दौरान बच्चों को असुरक्षित और गहरे पानी वाले हिस्सों में जाने से रोके। उन्होंने कहा कि प्रशासन की कोशिश है कि छठ पर्व शांतिपूर्ण, स्वच्छ और सुरक्षित माहौल में संपन्न हो। प्रशासन द्वारा सभी आवश्यक सुरक्षा प्रबंध किए जा रहे हैं, परंतु सतर्कता और संयम भी उतने ही आवश्यक हैं। छठ पर्व के दौरान प्रशासन द्वारा जारी दिशा-निर्देशों का पालन करें, घाटों पर स्वच्छता बनाए रखें और सुरक्षा नियमों का पालन करें। निरीक्षण के क्रम में विभिन्न घाटों पर उपस्थित पूजा समिति के सदस्यों से संवाद किया। घाटों पर स्थानीय प्रबंधों की जानकारी ली और सभी समितियों से कहा कि वे प्रशासन के साथ पूर्ण सहयोग करें। 
एसएसपी श्री प्रभात कुमार ने कहा कि छठ घाटों पर साफ-सुथरा और सुरक्षित माहौल बनाए रखना प्रशासन की सर्वोच्च प्राथमिकता है। उन्होंने सुरक्षा बलों की पर्याप्त तैनाती और बेहतर समन्वय सुनिश्चित करने का निर्देश दिया। 
निरीक्षण के दौरान सिटी एसपी श्री ऋत्विक श्रीवास्तव, एसडीएम श्री राजेश कुमार, डीएसपी लॉ एंड आर्डर श्री नौशाद आलम, ट्रैफिक डीएसपी श्री अरविंद कुमार , सहायक नगर आयुक्त श्री प्रकाश कुमार, सहायक नगर आयुक्त श्री प्रसून्न कौशिक, सिंदरी डीएसपी श्री आशुतोष कुमार सत्यम समेत अन्य अधिकारी उपस्थित रहे।

रिपोर्ट: अक्षय प्रकाश न्यूज संपादक 

Comments

Popular posts from this blog

चियरधनिया गांव के लोगों ने मुखिया जी को किया सम्मानित

2 पुलिस पदाधिकारियों को सेवानिवृत्ति पर ससम्मान विदाई

बैंक मोड़ थाना परिसर में हर्षोल्लास के साथ मनाया गया,77वां गणतंत्र दिवस थाना प्रभारी प्रवीण कुमार के नेतृत्व में हुआ ध्वजारोहण, संविधान के मूल्यों का दिलाया संदेश