तीन नशे के सौदागर 1 करोड़ रुपये के अफीम के साथ गिरफ्तार
तीन नशे के सौदागर 1 करोड़ रुपये के अफीम के साथ गिरफ्तार
Edited by Akshay prakash
हजारीबाग: जिले के लोहसिंघना थाना क्षेत्र में पुलिस ने नशीले पदार्थ तस्करी के खिलाफ बड़ी सफलता हासिल की है। वाहन चेकिंग अभियान के दौरान पुलिस ने 20.5 किलो अफीम के साथ 3 तस्करों को गिरफ्तार किया है। बाजार में अफीम की कीमत करीब 1 करोड़ रुपये के आसपास है। पुलिस के अनुसार, गुप्त सूचना मिली थी कि कोलघटी क्षेत्र में तीन युवक सफेद रंग की अपाची बाइक पर बोरे में नशीला सामान लेकर घूम रहे हैं। सूचना के आधार पर हजारीबाग सदर के अनुमंडल पुलिस पदाधिकारी अमित आनंद के नेतृत्व में एसआईटी का गठन किया गया और इलाके में सघन चेकिंग अभियान चलाया गया।
जैसे ही युवक मलती टांड के पास पहुंचे, पुलिस ने शक के आधार पर सफेद अपाची बाइक को रोककर तलाशी ली। तलाशी के दौरान बाइक पर लदे बोरे से 20.5 किलो अफीम बरामद हुई। मौके से बाइक सवार तीनों युवकों को गिरफ्तार कर लिया गया है। गिरफ्तार आरोपियों की पहचान दीपक कुमार दांगी, बरुण कुमार और सुदेश यादव के रूप में हुई है। तीनों चतरा जिले के गिद्धौर थाना क्षेत्र के रहने वाले हैं। इस संबंध में लोहसिंघना थाना कांड संख्या 07/28, के तहत धारा 17(C), 18(C), 21(C) एवं 29 एनडीपीएस एक्ट के तहत मामला दर्ज किया गया है।
एसडीपीओ अमित आनंद ने बताया कि प्रारंभिक जांच में यह आशंका जताई जा रही है कि गिरफ्तार आरोपी किसी बड़े अफीम तस्करी नेटवर्क से जुड़े हो सकते हैं। यह भी प्रयास कर रही है कि अफीम की आपूर्ति कहां से की जा रही थी और इसे किन इलाकों में खपाने की योजना थी। आरोपियों से पूछताछ के आधार पर संभावित नेटवर्क और अन्य संलिप्त लोगों की तलाश की जा रही है।
Comments
Post a Comment