विद्या की देवी के दरबार में उमड़ा जनसैलाब, आरती-वंदना के साथ सिकंदरा में धूमधाम से मनी सरस्वती पूजा
विद्या की देवी के दरबार में उमड़ा जनसैलाब, आरती-वंदना के साथ सिकंदरा में धूमधाम से मनी सरस्वती पूजा
सिकंदरा (जमुई):महादेव सिमरिया तिवारी टोला स्थित कृष्ण मंदिर के समीप एवं सरस्वती शिशु प्ले स्कूल के पास सरस्वती पूजा इस वर्ष श्रद्धा, भक्ति और उल्लास के साथ भव्य रूप में संपन्न हुई। मां सरस्वती की दिव्य प्रतिमा, आकर्षक पंडाल और वेद मंत्रों के साथ पूरा क्षेत्र भक्तिमय माहौल में डूबा नजर आया।
सुबह से ही श्रद्धालुओं की भारी भीड़ मां शारदे के दर्शन के लिए उमड़ पड़ी। बच्चों, युवाओं और बुजुर्गों ने मां सरस्वती से विद्या, बुद्धि और उज्ज्वल भविष्य की कामना की। छात्र-छात्राओं ने विशेष रूप से अपनी किताबें और कलम मां के चरणों में अर्पित कर शिक्षा के प्रति अपनी आस्था प्रकट की।पूजा के दौरान मां सरस्वती की आरती और वंदना ने माहौल को और भी भावपूर्ण बना दिया।
श्रद्धालुओं ने एक स्वर में आरती गाई—
“जय सरस्वती माता, मैया जय सरस्वती माता।
सदगुण वैभव शालिनी, त्रिभुवन विख्याता॥
चंद्रवदनी पद्मासिनी, द्युति मंगलकारी।
सोहे शुभ हंस सवारी, अतुल तेजधारी॥”
आरती के समय पूरा पंडाल “जय मां सरस्वती” के जयकारों से गूंज उठा और वातावरण भक्तिरस से सराबोर हो गया।
पंडाल को रंग-बिरंगी लाइटों और फूलों से सजाया गया था, जो लोगों के आकर्षण का केंद्र बना रहा। सरस्वती शिशु प्ले स्कूल के नन्हे बच्चों में पूजा को लेकर विशेष उत्साह देखने को मिला।पूजा समिति एवं स्थानीय युवाओं के सहयोग से आयोजन पूरी तरह शांतिपूर्ण और अनुशासित रहा। पूजा उपरांत प्रसाद वितरण किया गया, जिसमें बड़ी संख्या में श्रद्धालुओं ने भाग लिया।
स्थानीय लोगों ने कहा कि सरस्वती पूजा केवल धार्मिक आयोजन नहीं, बल्कि शिक्षा, संस्कार और सामाजिक एकता का पर्व है। ऐसे आयोजनों से समाज में सकारात्मक सोच और भाईचारे को बल मिलता है।
अंत में पूजा समिति ने आयोजन को सफल बनाने में सहयोग करने वाले सभी ग्रामीणों, युवाओं एवं श्रद्धालुओं के प्रति आभार व्यक्त किया।
रिपोर्ट: अमित शर्मा डेस्क
Comments
Post a Comment