बरवाअड्डा में कोयला माफिया का किला ध्वस्त, चौधरी के डिपो पर पुलिस का बुलडोज़र एक्शन*
बरवाअड्डा में कोयला माफिया का किला ध्वस्त, चौधरी के डिपो पर पुलिस का बुलडोज़र एक्शन
Edited by Akshay prakash
धनबाद: बरवाअड्डा थाना क्षेत्र में लंबे समय से फल-फूल रहे अवैध कोयला कारोबार पर आखिरकार पुलिस ने ऐसा प्रहार किया कि पूरा इलाका दहल उठा। बड़ा पिछड़ी इलाके में स्थित दिलीप चौधरी का कोयला डिपो, जो अब तक अवैध कोयले का ‘सेफ हाउस’ माना जा रहा था, वहां बरवाअड्डा पुलिस ने ताबड़तोड़ छापा मारकर कोयला माफिया की कमर तोड़ दी।
छापेमारी के दौरान डिपो से पहाड़ जितना अवैध कोयला बरामद किया गया। पुलिस ने बिना एक पल गंवाए पूरे डिपो को सील कर दिया। अचानक हुई इस कार्रवाई से इलाके में भगदड़ जैसी स्थिति बन गई। डिपो में काम कर रहे कई कर्मचारी पुलिस को देखते ही भागने लगे, हालांकि कुछ को मौके पर ही दबोच लिया गया।
बरसों से चल रहा था काला खेल
स्थानीय लोगों का कहना है कि यह डिपो बरसों से अवैध कोयला कारोबार का अड्डा बना हुआ था। दिन हो या रात, ट्रकों और ट्रैक्टरों की आवाजाही आम बात थी। सवाल यह उठ रहा है कि आखिर इतने बड़े पैमाने पर चल रहे इस काले कारोबार पर अब तक कार्रवाई क्यों नहीं हुई?
गुप्त सूचना बनी काल
पुलिस को लगातार मिल रही गुप्त सूचनाओं के बाद आखिरकार बरवाअड्डा पुलिस ने जाल बिछाया और अचानक धावा बोल दिया। जैसे ही पुलिस ने कागजात मांगे, डिपो संचालक पक्ष के हाथ-पांव फूल गए। न कोयले के वैध कागज, न परिवहन की रसीद — पूरा खेल बेनकाब हो गया।
कागज नहीं, सील ही सील
किसी भी तरह का वैध दस्तावेज पेश न कर पाने पर पुलिस ने तत्काल डिपो सील कर दिया। जब्त कोयले की मात्रा का आकलन किया जा रहा है, लेकिन शुरुआती जांच में साफ है कि यह कोई छोटा-मोटा खेल नहीं, बल्कि संगठित माफिया नेटवर्क का हिस्सा है।
अब खुलेगा पूरा माफिया नेटवर्क
पुलिस सूत्रों के अनुसार, इस अवैध कारोबार की जड़ें काफी गहरी हैं। जांच के दौरान यह भी सामने आ सकता है कि इस नेटवर्क में और कौन-कौन बड़े चेहरे शामिल हैं। डिपो संचालक दिलीप चौधरी से जुड़े हर लेन-देन, हर ट्रांजैक्शन और हर संपर्क की गहन जांच की जा रही है।
पुलिस का सख्त ऐलान –
माफिया बख्शे नहीं जाएंगे
बरवाअड्डा पुलिस ने दो टूक कहा है कि अवैध कोयला कारोबार करने वालों के खिलाफ जीरो टॉलरेंस की नीति अपनाई जाएगी। आने वाले दिनों में और भी छापेमारी तय है।इस कार्रवाई के बाद कोयला माफियाओं में खौफ का माहौल है, जबकि आम लोगों में यह चर्चा है कि अगर यही सख्ती बनी रही तो धनबाद में अवैध कोयला कारोबार पर बड़ी लगाम लग सकती है।
रिपोर्ट: पवन शर्मा
Comments
Post a Comment