झरिया: भागाबांध में सीवरेज ट्रीटमेंट प्लांट निर्माण का ग्रामीणों ने किया जोरदार विरोध, हालात तनावपूर्ण
झरिया: भागाबांध में सीवरेज ट्रीटमेंट प्लांट निर्माण का ग्रामीणों ने किया जोरदार विरोध, हालात तनावपूर्ण
झरिया (भागाबांध ओपी क्षेत्र) – झरिया के भागाबांध ओपी क्षेत्र के जीतपुर जोड़िया के पास पेटिया बस्ती में नगर निगम द्वारा प्रस्तावित सीवरेज ट्रीटमेंट प्लांट (STP) के निर्माण को लेकर शुक्रवार को ग्रामीणों ने भारी विरोध किया। सैकड़ों की संख्या में ग्रामीण, विशेषकर महिलाएं, प्रदर्शन स्थल पर एकत्र हुईं और निर्माण कार्य को रोकने के लिए मोर्चा संभाला।
ग्रामीणों का आरोप है कि प्रशासन ने बिना किसी पूर्व सूचना या नोटिस के आधी रात को पुलिस भेजकर कई पुरुषों को उठाया और सुबह निर्माण कार्य शुरू कराने का प्रयास किया। इसके विरोध में ग्रामीणों ने जोर देकर कहा कि यह उनकी जमीन है और किसी भी हाल में सीवरेज ट्रीटमेंट प्लांट का निर्माण नहीं होने दिया जाएगा। ग्रामीणों का तर्क है कि गांव में अस्पताल और अन्य बुनियादी सुविधाओं की जरूरत है, न कि सीवरेज ट्रीटमेंट प्लांट की।
विरोध के दौरान महिला पुलिस ने रस्सी बैरिकेडिंग लगाकर प्रदर्शनकारी महिलाओं को आगे बढ़ने से रोका। इससे महिलाओं और पुलिस के बीच नोंकझोंक भी देखने को मिली। तनाव बढ़ने के कारण प्रशासन ने पुटकी अंचल अधिकारी विकास आनंद, सहायक नगर आयुक्त प्रकाश कुमार, सीसीआर डीएसपी और जोरापोखर सर्किल इंस्पेक्टर आशुतोष कुमार सत्यम सहित कई थानों की पुलिस फोर्स मौके पर तैनात की।
प्रशासन की ओर से ग्रामीणों को समझाने का प्रयास किया जा रहा है, लेकिन ग्रामीण अपनी मांगों पर अड़े हुए हैं। प्रदर्शनकारी सख्ती से कह रहे हैं कि “जान दे देंगे, लेकिन जमीन नहीं देंगे।”
इस मामले में सहायक नगर आयुक्त प्रकाश कुमार ने बताया कि जिस जमीन पर सीवरेज ट्रीटमेंट प्लांट प्रस्तावित है, वह माडा की जमीन है। उन्होंने कहा कि ग्रामीण जमीन को लेकर भ्रमित हैं और प्रशासन स्थिति स्पष्ट करने का प्रयास कर रहा है।
फिलहाल इलाके में भारी पुलिस बल की तैनाती के बीच स्थिति तनावपूर्ण बनी हुई है।
Comments
Post a Comment