अपराध धनबाद मेडिकल कॉलेज में शर्मनाक कांड, नहाती महिला का वीडियो बनाते युवक को रंगे हाथों पकड़ा गया

धनबाद मेडिकल कॉलेज में शर्मनाक कांड, नहाती महिला का वीडियो बनाते युवक को रंगे हाथों पकड़ा गया

Edited by Akshay prakash 

धनबाद।शहीद निर्मल महतो मेडिकल कॉलेज एंड अस्पताल (SNMMCH) से शुक्रवार को एक बेहद शर्मनाक और निंदनीय मामला सामने आया है। अस्पताल के स्त्री रोग (गायनी) विभाग के बाथरूम में नहा रही एक महिला का चोरी-छिपे मोबाइल से वीडियो बनाते हुए एक युवक को स्थानीय लोगों और सुरक्षाकर्मियों ने रंगे हाथों पकड़ लिया। घटना के बाद अस्पताल परिसर में हड़कंप मच गया और लोगों में भारी आक्रोश देखने को मिला।आरोपी की पहचान गोविंदपुर थाना क्षेत्र के विनोदपुर निवासी अजीत राम (40 वर्ष) के रूप में हुई है।महिला के शोर मचाते ही खुली पोल
प्राप्त जानकारी के अनुसार, आरोपी शुक्रवार दोपहर बाइक से अस्पताल पहुंचा। बाइक पार्किंग में खड़ी करने के बाद वह सीधे गायनी विभाग के महिला शौचालय में घुस गया। उस समय बाथरूम में एक महिला स्नान कर रही थी। आरोपी ने मोबाइल फोन से छिपकर महिला का वीडियो बनाना शुरू कर दिया।इसी दौरान महिला की नजर मोबाइल कैमरे पर पड़ गई। उसने तुरंत शोर मचाया। आवाज सुनते ही पास में मौजूद होमगार्ड के जवान और मरीजों के परिजन मौके पर पहुंचे। आरोपी भागने की कोशिश करने लगा, लेकिन लोगों ने उसे पकड़ लिया।

भीड़ का फूटा गुस्सा

आरोपी के पकड़े जाने के बाद वहां मौजूद लोगों का गुस्सा फूट पड़ा। आक्रोशित भीड़ ने उसकी जमकर पिटाई कर दी। स्थिति बिगड़ते देख होमगार्ड जवानों ने किसी तरह बीच-बचाव कर आरोपी को भीड़ से छुड़ाया और अस्पताल की आरक्षी चौकी तक पहुंचाया।
मोबाइल में मिले कई आपत्तिजनक वीडियो
घटना की सूचना मिलते ही सरायढेला थाना पुलिस अस्पताल पहुंची और आरोपी को हिरासत में ले लिया। पुलिस जांच के दौरान आरोपी के मोबाइल से न सिर्फ पीड़ित महिला का वीडियो मिला, बल्कि कई अन्य महिलाओं के आपत्तिजनक वीडियो भी बरामद हुए हैं। इससे आशंका जताई जा रही है कि आरोपी लंबे समय से इस तरह की घिनौनी गतिविधियों में शामिल था।
पुलिस इस बात की भी जांच कर रही है कि कहीं आरोपी इन वीडियो का इस्तेमाल महिलाओं को ब्लैकमेल करने या सोशल मीडिया पर वायरल करने के लिए तो नहीं करता था।

जब्ती और आगे की कार्रवाई

पुलिस ने आरोपी के पास से मोबाइल फोन, आधार कार्ड, कपड़े और उसकी बाइक जब्त कर ली है। मामले में आईटी एक्ट समेत अन्य संबंधित धाराओं के तहत प्राथमिकी दर्ज करने की प्रक्रिया चल रही है।
पुलिस अधिकारियों ने बताया कि पूरे मामले की गंभीरता से जांच की जा रही है। यदि आरोपी के खिलाफ कोई और सबूत या पीड़ित सामने आते हैं तो उस आधार पर सख्त कार्रवाई की जाएगी।यह घटना अस्पताल जैसी संवेदनशील और सुरक्षित मानी जाने वाली जगह पर महिलाओं की सुरक्षा को लेकर गंभीर सवाल खड़े करती है।

रिपोर्ट: डेस्क

Comments

Popular posts from this blog

चियरधनिया गांव के लोगों ने मुखिया जी को किया सम्मानित

2 पुलिस पदाधिकारियों को सेवानिवृत्ति पर ससम्मान विदाई

बैंक मोड़ थाना परिसर में हर्षोल्लास के साथ मनाया गया,77वां गणतंत्र दिवस थाना प्रभारी प्रवीण कुमार के नेतृत्व में हुआ ध्वजारोहण, संविधान के मूल्यों का दिलाया संदेश