बरवाअड्डा पुलिस की बड़ी कार्रवाई, 30 टन अवैध कोयला जब्त, कारोबारी फरार

बरवाअड्डा पुलिस की बड़ी कार्रवाई, 30 टन अवैध कोयला जब्त, कारोबारी फरार

Edited by Akshay prakash 

धनबाद।बरवाअड्डा थाना क्षेत्र में अवैध कोयला कारोबार के खिलाफ पुलिस ने एक बार फिर बड़ी कार्रवाई करते हुए करीब 30 टन अवैध कोयला जब्त किया है। यह कार्रवाई चुटियारो गांव स्थित जंगल क्षेत्र में बीती रात गुप्त सूचना के आधार पर की गई। जब्त कोयला स्थानीय कारोबारी उमेश चौधरी द्वारा अवैध रूप से संग्रहित किया गया था।सूत्रों के अनुसार, बरवाअड्डा पुलिस को लगातार शिकायत मिल रही थी कि चुटियारो गांव के जंगल में रात के अंधेरे में बड़े पैमाने पर अवैध कोयले का भंडारण और तस्करी की जा रही है। 
सूचना के सत्यापन के बाद पुलिस टीम ने योजनाबद्ध तरीके से छापेमारी की।
छापेमारी के दौरान पुलिस को जंगल के भीतर भारी मात्रा में कोयला डंप मिला। पुलिस की मौजूदगी की भनक लगते ही अवैध कारोबारी उमेश चौधरी मौके से फरार हो गया। पुलिस ने तत्काल कार्रवाई करते हुए करीब 30 टन कोयला जब्त कर बरवाअड्डा थाना लाकर सुरक्षित रखवा दिया है।स्थानीय सूत्रों की मानें तो फरार कारोबारी लंबे समय से इस अवैध धंधे में संलिप्त था। बताया जा रहा है कि वह रात के समय साइकिल और मोटरसाइकिल के जरिए आसपास के इलाकों से कोयला खरीदता था, जिसे बाद में ट्रकों में भरकर विभिन्न स्थानों पर खपाया जाता था।
गौरतलब है कि एक सप्ताह के भीतर बरवाअड्डा पुलिस की यह दूसरी बड़ी कार्रवाई है, जिससे अवैध कोयला कारोबार से जुड़े लोगों में हड़कंप मच गया है। पुलिस अब इस नेटवर्क से जुड़े अन्य लोगों की भूमिका की भी जांच कर रही है।बरवाअड्डा थाना प्रभारी ने बताया कि फरार कारोबारी की तलाश जारी है और उसके खिलाफ संबंधित धाराओं में मामला दर्ज करने की प्रक्रिया चल रही है। पुलिस का कहना है कि अवैध कोयला कारोबार पर पूरी तरह से नकेल कसने के लिए आगे भी अभियान जारी रहेगा।

रिपोर्ट: पवन शर्मा 

Comments

Popular posts from this blog

चियरधनिया गांव के लोगों ने मुखिया जी को किया सम्मानित

2 पुलिस पदाधिकारियों को सेवानिवृत्ति पर ससम्मान विदाई

बैंक मोड़ थाना परिसर में हर्षोल्लास के साथ मनाया गया,77वां गणतंत्र दिवस थाना प्रभारी प्रवीण कुमार के नेतृत्व में हुआ ध्वजारोहण, संविधान के मूल्यों का दिलाया संदेश