लातेहार में बालिका आवासीय विद्यालय के हॉस्टल में लगी भीषण आग, बाल-बाल बची 200 छात्राएं
लातेहार: लातेहार जिले के बरियातू प्रखंड स्थित बालिका आवासीय विद्यालय के हॉस्टल में सोमवार सुबह अचानक आग लग गई। देखते ही देखते हॉल नंबर-5 में रखे सभी बेड और सामान जलकर राख हो गए। राहत की बात यह रही कि उस समय करीब 200 छात्राएं पीटी के लिए बाहर मैदान में थीं, जिससे बड़ी दुर्घटना टल गई। वहीं घटना की सूचना मिलते ही जिला शिक्षा पदाधिकारी प्रिंस कुमार मौके पर पहुंचे। उन्होंने बताया कि प्रारंभिक जांच में आग लगने का कारण शॉर्ट सर्किट प्रतीत हो रहा है, हालांकि अन्य पहलुओं की भी जांच की जा रही है।कमरे का सारा सामान जलकर नष्ट बता दें कि जब हॉस्टल में आग लग गई थी तो, स्थानीय लोगों ने भी आग बुझाने की काफी कोशिश की, लेकिन आग इतनी भीषण थी कि कमरे का सारा सामान जलकर नष्ट हो गया। फिलहाल, छात्राओं के लिए वैकल्पिक ठहरने की व्यवस्था की जा रही है। बताया जा रहा है कि यह विद्यालय पुराने भवन में संचालित हो रहा है और नया भवन पिछले पांच वर्षों से निर्माणाधीन है। वहीं, जर्जर तारों और जगह की कमी को भी इस हादसे का संभावित कारण माना जा रहा है। छात्राओं का कहना है कि भगवान का शुक्र है वे समय रहते बाहर थीं, अन्यथा बड़ी जनहानि हो सकती थी।
Comments
Post a Comment