घरेलू विवाद में झगड़ा छुड़ाने गई पुलिस टीम पर हमला, कई लोग घायल, पुलिस आरोपियों की कर रही तलाश
✍️ अक्षय प्रकाश न्यूज संपादक
गढ़वा: गुरदी गांव में रविवार को उस समय अफरातफरी मच गई, जब एक पारिवारिक विवाद को लेकर बंधक बनाए गए लोगों को छुड़ाने गई, पुलिस पर ही गांव वालों ने हमला बोल दिया। दो परिवारों के आपसी झगड़े में भीड़ ने मौके का फायदा उठाते हुए न सिर्फ महिला के मायके पक्ष पर हमला बोला बल्कि पुलिस टीम को भी निशाना बनाया। घटना के बाद पुलिस उन असामाजिक तत्वों की तलाश में जुट गई है।
बताया जाता है कि दोनों परिवारों की आपसी झगड़ा इस कदर हिंसक रूप ले लिया था कि अगर पुलिस मौके पर पहुंच तत्परता और अतिरिक्त बल के साथ समय पर नहीं पहुंचती तो बड़ी घटना से इंकार नहीं किया जा सकता था। इस घटना में पुलिसकर्मियों और महिला के परिजनों सहित लगभग आठ लोग घायल हैं। जिनका इलाज चल रहा हैं। मिली जानकारी के अनुसार, गुरदी गांव निवासी तकसीर खान और उसकी पत्नी रकीबा खातून के बीच शादी के कुछ साल बाद से ही विवाद चल रहा था। मामला न्यायालय तक पहुंचा, लेकिन बाद में समझौते के बाद तकसीर ने रकीबा से मिलना-जुलना शुरू कर दिया।
शनिवार की रात तकसीर ने किसी बात को लेकर पत्नी के साथ मारपीट की, जिसके बाद रकीबा ने अपने मायके वालों को सूचना दी। रविवार सुबह रकीबा के पिता जाहिद आलम खान, भाई समीर खान, सैफ अली खान और मां सबील बीबी गुरदी पहुंचे और विवाद सुलझाने का प्रयास करने लगे।
दोनों परिवारों के बीच बातचीत चल रही थी इसी दौरान गांव के लोग वहां इकट्ठा हो गए और अचानक लड़की पक्ष पर हमला बोल दिया। रकीबा और उसके परिजन किसी तरह तकसीर के ही एक कमरे में छिप गए।
लेकिन भीड़ ने उन्हें बाहर निकालने और आग के हवाले करने की कोशिश की। मामला लगातार गंभीर होता जा रहा था। इसी बीच गढ़वा पुलिस को सूचना दी गई।सूचना पर पुलिस अवर निरीक्षक इस्माइल आज़ाद, आरक्षी नवसे करकटा, बसंत उरांव और चालक हरेंद्र कुमार सिंह दल-बल के साथ मौके पर पहुंचे। लेकिन ग्रामीणों ने पुलिस टीम को भी घेरकर लाठी-डंडों से हमला कर दिया। स्थिति बेकाबू होती देख टीम ने थाना प्रभारी बृज कुमार को सूचना दी। कुछ ही देर में थाना प्रभारी अतिरिक्त बल के साथ पहुंचे तो ग्रामीण भाग खड़े हुए। इसके बाद पुलिस ने घायलों को सुरक्षित निकालकर गढ़वा सदर अस्पताल भेजा।इस हमले में पुलिसकर्मियों सहित रकीबा खातून और उसके मायके पक्ष के कई सदस्य घायल हुए हैं। सभी घायलों का इलाज गढ़वा सदर अस्पताल में चल रहा है। डॉक्टरों ने उनकी स्थिति खतरे से बाहर बताई है। थाना प्रभारी बृज कुमार ने बताया कि पुलिस बंधक बनाए गए लोगों को छुड़ाने गई थी, तभी हमला हुआ। पूरे मामले की जांच की जा रही है और दोषियों की पहचान की जा रही है। घटना के बाद से गुरदी गांव और आसपास के इलाके में तनाव का माहौल है। पुलिस ने सुरक्षा बढ़ा दी है और अतिरिक्त बल की तैनाती की गई है। थाना प्रभारी ने स्पष्ट कहा कि कानून अपने हाथ में लेने वालों को बख्शा नहीं जाएगा।
Comments
Post a Comment