बोकारो पुलिस को बड़ी सफलता, ज्वेलरी चोरी का खुलासा
बोकारो : जिले के सेक्टर-4 स्थित Mia by Tanishq ज्वेलरी शोरूम में हुई चोरी की घटना का पुलिस ने सफल उद्भेदन करते हुए दो आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया है। यह घटना 18 अगस्त 2025 को घटित हुई थी, जब दो व्यक्ति ग्राहक बनकर स्टोर में प्रवेश किए और मौका देखकर एक डायमंड की अंगूठी चोरी कर फरार हो गए। स्टोर मैनेजर द्वारा घटना की सूचना सेक्टर-4 थाना को दी गई थी, जिसमें सीसीटीवी फुटेज भी पुलिस को सौंपा गया था।पुलिस अधीक्षक बोकारो के निर्देश पर नगर पुलिस उपाधीक्षक आलोक रंजन के नेतृत्व में एक विशेष टीम का गठन किया गया। टीम ने तकनीकी साक्ष्यों और फुटेज के आधार पर त्वरित कार्रवाई करते हुए दिनांक 20 अगस्त को दोनों आरोपियों को उनके वर्तमान आवासीय पते से गिरफ्तार किया। आरोपियों की पहचान नवप्रीत कौर (50 वर्ष) और राज करन सिंह (34 वर्ष) के रूप में हुई है, जो मूल रूप से पंजाब के गुरदासपुर जिले के निवासी हैं तथा वर्तमान में सेक्टर-4/F, क्वार्टर नंबर-2147, बोकारो में रह रहे थे।पुलिस ने आरोपियों की निशानदेही पर चोरी की गई डायमंड अंगूठी, घटना में प्रयुक्त बुलेट मोटरसाइकिल (नंबर JH09AT-5456) तथा एक लाल रंग का झोला भी बरामद किया है, जिसका उपयोग चोरी के दौरान सामान छिपाने के लिए किया गया था। इस संबंध में सेक्टर-4 थाना कांड संख्या 89/2025, दिनांक 19.08.2025, अंतर्गत धारा 303(2) BNS के तहत मामला दर्ज किया गया है।छापामारी टीम में नगर डीएसपी आलोक रंजन के अलावा थाना प्रभारी संजय कुमार, बीएस सिटी थाना प्रभारी सुदामा कुमार दास, विवेक प्रशांत, सिता राम मरांडी, देवनंदन मुर्मू सहित अन्य पुलिसकर्मी शामिल थे। पुलिस ने आम जनता से अपील की है कि किसी भी संदिग्ध गतिविधि की सूचना तत्काल पुलिस को दें ताकि अपराध पर प्रभावी नियंत्रण सुनिश्चित किया जा सके।
Comments
Post a Comment