बंद गोदाम से बरामद अज्ञात शव, इलाके में दहशत – पुलिस जांच में जुटी
झरिया (धनबाद): झरिया थाना क्षेत्र के बस्तकोला इलाके में मंगलवार शाम उस समय सनसनी फैल गई, जब एक लंबे समय से बंद पड़े गोदाम से अज्ञात शव बरामद हुआ। मृत शरीर की स्थिति इतनी खराब थी कि उसकी पहचान कर पाना फिलहाल संभव नहीं हो सका।मिली जानकारी के अनुसार, यह गोदाम शांति कमर्शियल कंपनी का है, जो जुलाई 2024 से बंद पड़ा था। मंगलवार को कंपनी के कर्मचारी पवन अग्रवाल जरूरी दस्तावेज लेने गोदाम पहुंचे। जैसे ही उन्होंने दरवाजा खोला, भीतर से तेज दुर्गंध आई। अंदर जाकर देखने पर एक कोने में सड़ा-गला शव पड़ा मिला।सूचना मिलते ही झरिया पुलिस मौके पर पहुंची और शव को अपने कब्जे में लेकर शहीद निर्मल महतो मेडिकल कॉलेज एंड हॉस्पिटल (एसएनएमएमसीएच) भेज दिया। शव को पोस्टमार्टम हाउस में सुरक्षित रखा गया है।
प्रथम दृष्टया चोरी की आशंका
कर्मचारी पवन अग्रवाल ने आशंका जताई कि मृतक संभवतः चोरी के इरादे से गोदाम में घुसा होगा और किसी कारणवश अंदर ही उसकी मौत हो गई। वहीं, झरिया थाना प्रभारी शशि रंजन कुमार ने बताया कि प्रथम दृष्टया मामला दुर्घटना का लग रहा है। हालांकि, मौत के असली कारणों का खुलासा पोस्टमार्टम रिपोर्ट आने के बाद ही हो सकेगा।
इलाके में डर का माहौल
शव मिलने की घटना से बस्तकोला क्षेत्र में दहशत और चिंता का माहौल है। स्थानीय लोगों का कहना है कि यदि गोदाम की नियमित निगरानी होती, तो इस घटना का पता पहले लगाया जा सकता था। इस मामले ने सुरक्षा व्यवस्था पर भी सवाल खड़े कर दिए हैं।फिलहाल पुलिस हर पहलू से जांच कर रही है और शव की पहचान के प्रयास किए जा रहे हैं। पोस्टमार्टम रिपोर्ट आने के बाद ही यह साफ हो सकेगा कि यह महज हादसा था या फिर इसके पीछे कोई साजिश छिपी है।
Comments
Post a Comment