डूसू चुनाव 2025 : अभाविप की ऐतिहासिक जीत, केंद्रीय पैनल में 3 पदों पर कब्ज़ा
Edited by Akshay prakash
नई दिल्ली/धनबाद। दिल्ली विश्वविद्यालय छात्रसंघ (डूसू) चुनाव 2025 में अखिल भारतीय विद्यार्थी परिषद (अभाविप) ने ऐतिहासिक जीत दर्ज करते हुए केंद्रीय पैनल में अध्यक्ष, सचिव और संयुक्त सचिव पद अपने नाम किए।
अध्यक्ष पद पर अभाविप के आर्यन मान ने 16,196 मतों के अंतर से, सचिव पद पर कुणाल चौधरी ने 7,662 मतों से और संयुक्त सचिव पद पर दीपिका झा ने 4,445 मतों से शानदार जीत दर्ज की। डूसू अध्यक्ष पद पर यह अब तक की दूसरी सबसे बड़ी जीत मानी जा रही है।
जीत की खुशी में धनबाद महानगर इकाई के कार्यकर्ताओं ने आतिशबाजी की, मिठाई बांटी और अबीर-गुलाल लगाकर एक-दूसरे को बधाई दी।
अभाविप झारखंड के प्रदेश सह मंत्री अंशु तिवारी ने कहा कि विद्यार्थियों ने यह साबित कर दिया है कि आज का युवा विध्वंसक राजनीति को नकार कर रचनात्मक राष्ट्र निर्माण की दिशा में आगे बढ़ रहा है।
विभाग संयोजक सुधांशु गुप्ता ने कहा कि कांग्रेस और एनएसयूआई द्वारा वर्षों से संस्थानों पर थोपे गए भ्रष्टाचार और अवसरवाद को विद्यार्थियों ने पूरी तरह नकार दिया है।
प्रदेश कार्यकारिणी सदस्य प्रियंका गोराई ने बताया कि अभाविप छात्राओं को लगातार सशक्त प्रतिनिधित्व देती आई है और इस बार भी दीपिका झा की जीत से यह परंपरा कायम रही।
धनबाद ग्रामीण जिला संयोजक अनुभव शर्मा ने झारखंड सरकार से कोयलांचल विश्वविद्यालय में भी छात्रसंघ चुनाव कराने की मांग की।
जश्न के मौके पर अंशु तिवारी, सुधांशु गुप्ता, अनुभव शर्मा, अभय जयसवाल, हरगोविंद पाठक, प्रियंका गोराई, आकाश कुमार सिंह समेत बड़ी संख्या में कार्यकर्ता मौजूद रहे।
✍️रिपोर्ट:अक्षय प्रकाश
Comments
Post a Comment