आसनसोल : जावेद बारीक हत्याकांड में नियामतपुर पुलिस की बड़ी सफलता, सुपारी किलर गिरोह के चार और शूटर गिरफ्तार, अब तक सात आरोपी सलाखों के पीछे
Edited by Akshay prakash
आसनसोल : जावेद बारीक हत्याकांड में लगातार कार्रवाई करते हुए नियामतपुर चौकी पुलिस ने सोमवार सुबह एक और बड़ी सफलता हासिल की है। पुलिस ने इस मामले में शामिल सुपारी किलर गिरोह के चार शूटरों को गिरफ्तार कर लिया है। गिरफ्तार आरोपियों में मुख्य शूटर मोहम्मद आदिल आलम, मोहम्मद फैजल शाह, मोहम्मद सुल्तान और मोहम्मद एतशाम शामिल हैं। इन चारों की गिरफ्तारी के साथ इस हत्याकांड में अब तक कुल सात लोगों को गिरफ्तार किया जा चुका है।
यह सनसनीखेज वारदात 29 अगस्त की रात कुल्टी थाना क्षेत्र के रहमान पाड़ा में हुई थी, जहां बाइक सवार दो अपराधियों ने जावेद बारीक को उसके घर के पास सिर में गोली मारकर मौत के घाट उतार दिया था। पूरी घटना सीसीटीवी कैमरे में रिकॉर्ड हो गई थी। घटना के अगले ही दिन पुलिस ने मृतक के चचेरे भाई इंतिकाफ आलम को गिरफ्तार किया।
इसके बाद 2 सितंबर को इस हत्याकांड की मास्टरमाइंड फराह नाज और उसके ड्राइवर साजिद अख्तर उर्फ फैजल को जलपाईगुड़ी से गिरफ्तार किया गया। पुलिस पूछताछ में खुलासा हुआ कि फराह नाज ने जावेद की हत्या के लिए शूटरों को 5 लाख टका की सुपारी दी थी।
सोमवार को गिरफ्तार चारों शूटरों को पुलिस ने आसनसोल जिला न्यायालय में पेश किया, जहां उन्हें 10 दिनों की पुलिस रिमांड में भेजे जाने की मांग की गई है। नियामतपुर चौकी पुलिस का कहना है कि इस गिरोह से जुड़ी कड़ियों को जोड़ने के लिए पूछताछ ज़रूरी है और जल्द ही अन्य आरोपियों की गिरफ्तारी भी हो सकती है।
रिपोर्ट: पवन शर्मा
Comments
Post a Comment