धनबाद: प्रसव के बाद महिला की मौत, परिजनों ने लगाया डॉक्टरों पर लापरवाही का आरोप
Edited by Akshay prakash
धनबाद, बरवाड़ा थाना क्षेत्र। अशरफी अस्पताल में बुधवार को प्रसव के बाद 22 वर्षीय महिला की मौत हो गई। मृतका की पहचान एकादशी देवी, निवासी देवली, गोविंदपुर, के रूप में हुई है। घटना के बाद परिजनों ने अस्पताल प्रबंधन पर इलाज में लापरवाही का आरोप लगाते हुए जमकर हंगामा किया और 8 लाइन सड़क जाम कर दी।
जानकारी के मुताबिक, एकादशी देवी की प्रेग्नेंसी के दौरान अस्पताल में लगातार जांच और इलाज चल रहा था। 15 सितंबर को उन्हें प्रसूति विभाग में भर्ती कराया गया। बुधवार को उन्होंने एक बच्ची को जन्म दिया। हालांकि प्रसव के बाद अचानक उनकी तबीयत बिगड़ गई और इलाज के दौरान उनकी मौत हो गई।
मृतका के पति मनोज कुम्हार, जो एक निजी कंपनी में कार्यरत हैं, ने आरोप लगाया कि डॉक्टरों की लापरवाही से उनकी पत्नी की जान गई। उनका कहना है कि यदि सही इलाज किया जाता तो यह हादसा नहीं होता।वहीं, अस्पताल प्रबंधन का कहना है कि महिला को दूसरे अस्पताल से रेफर किया गया था और उसकी प्रेग्नेंसी हाई रिस्क थी, जिसकी जानकारी परिजनों को पहले से थी।
प्रसव के दौरान अत्यधिक ब्लीडिंग होने के कारण उनकी जान बचाई नहीं जा सकी।मौत की खबर फैलते ही बड़ी संख्या में परिजन और स्थानीय लोग अस्पताल पहुंच गए और 8 लाइन सड़क को जाम कर दिया। स्थिति तनावपूर्ण होने पर बरवाड़ा थाना पुलिस मौके पर पहुंची और आक्रोशित लोगों को समझा-बुझाकर सड़क खाली कराया।
रिपोर्ट: अक्षय प्रकाश,अमित शर्मा
Comments
Post a Comment