JSSC CGL पेपर लीक मामला: हाईकोर्ट में आज फिर हुई सुनवाई, अगली सुनवाई 15 अक्टूबर को
रांची:झारखंड कर्मचारी चयन आयोग (JSSC) की CGL परीक्षा के कथित पेपर लीक मामले में दायर याचिका पर झारखंड हाईकोर्ट में आज लंबी सुनवाई हुई। मुख्य न्यायाधीश की अध्यक्षता वाली खंडपीठ ने दोनों पक्षों की दलीलें सुनीं और मामले की अगली सुनवाई 15 अक्टूबर को तय की गई।
गौरतलब है कि इस मामले में कल भी सुनवाई हुई थी, जो मुख्य न्यायाधीश और न्यायमूर्ति राजेश शंकर की खंडपीठ में करीब डेढ़ घंटे तक चली थी। राज्य सरकार और JSSC की ओर से अदालत को बताया गया कि परीक्षा 22 तारीख को आयोजित हुई थी, जबकि याचिकाकर्ताओं द्वारा प्रस्तुत फोटो और अन्य तथाकथित सबूत 23 तारीख के हैं, यानी परीक्षा के एक दिन बाद के।
सरकारी पक्ष ने दलील दी कि इससे यह साबित नहीं होता कि प्रश्नपत्र परीक्षा से पहले लीक हुआ था। साथ ही यह भी कहा गया कि याचिकाकर्ताओं के पास पेपर लीक से जुड़े कोई ठोस और निर्णायक सबूत नहीं हैं, जो CBI जांच की मांग को मजबूती दे सकें।
वहीं, कोर्ट ने यह स्पष्ट किया कि जब तक मामले की सुनवाई पूरी नहीं हो जाती, तब तक JSSC CGL परीक्षा के परिणाम पर लगी रोक (स्टे) बरकरार रहेगी।
👉 अगली सुनवाई अब 15 अक्टूबर को होगी।
रिपोर्ट: रोहित शाह डेस्क
Comments
Post a Comment