हाईटेक जिला नियंत्रण कक्ष का इरफान अंसारी ने किया शुभारंभ, आधुनिक तकनीक से होगी पुलिसिंग
Edited by Akshay prakash
जामताड़ा : मंत्री डॉ इरफान अंसारी ने जिला नियंत्रण कक्ष का विधिवत शुभारंभ किया। इस अवसर पर सारठ विधायक उदय शंकर सिंह उर्फ चुन्ना सिंह, पुलिस महानिरीक्षक दुमका शैलेन्द्र कुमार सिन्हा, उपायुक्त रवि आनंद, पुलिस अधीक्षक राजकुमार मेहता के अलावा अन्य वरीय अधिकारी एवं गणमान्य नागरिक उपस्थित थे। इससे पूर्व डॉ इरफान अंसारी के आगमन पर उपायुक्त एवं पुलिस अधीक्षक के द्वारा पुष्पगुच्छ देकर स्वागत किया गया। साथ ही उन्हें गार्ड ऑफ ऑनर दिया गया। इसके उपरांत उन्होंने नियंत्रण कक्ष का फीता काटकर विधिवत शुभारंभ किया एवं पारंपरिक नृत्य संगीत के साथ उन्हें मंच तक लाया गया। वहीं इस अवसर पर 20 हाईटेक बाइक पेट्रोलिंग दस्ता, 6 मोबाइल टाइगर फोर्स एवं पिंक पेट्रोलिंग को हरी झंडी दिखाकर रवाना किया गया।
कार्यक्रम को संबोधित करते हुए मंत्री डॉ इरफान अंसारी ने कहा कि हमें जामताड़ा पुलिस पर गर्व है कि इतने कम समय में ही जिला नियंत्रण कक्ष का आज शुभारंभ किया जा रहा है। रांची के बाद जामताड़ा पुलिस डिपार्टमेंट को हाईटेक बनाने के लिए हमारी पुलिस अधीक्षक से बात हुई थी। पुलिसिंग को और अधिक बेहतर करेंगे एवं नागरिकों को डायल 112 पर कॉल करने पर तत्काल में पुलिस असिस्टेंस मिलेगा। वहीं पिंक पेट्रोलिंग को लेकर कहा कि हमारे शहर की बच्चियां जो स्कूल कॉलेज आती है, बाजार आती है उन्हें अब मनचलों से घबराने की आवश्यकता नहीं होगी, एक कॉल पे पिंक पुलिस दस्ता जिसमें महिला पुलिस बल आपके पास पहुंचेगी। उन्होंने आगे कहा कि जामताड़ा पुलिस को और भी अधिक हाईटेक बनाएंगे, सीसीटीवी कैमरे की संख्या को और अधिक करेंगे जिससे शहर से लेकर गांव तक की सुरक्षा सुदृढ़ हो एवं जिलेवासी स्वयं को सुरक्षित महसूस करें।
कार्यक्रम को संबोधित करते हुए पुलिस महानिरीक्षक, दुमका शैलेन्द्र कुमार सिन्हा ने कहा कि पुलिस अधीक्षक को रांची जिला में कार्य अनुभव है उसका सदुपयोग करें, जिले को बेहतर पोलिसिंग दें। उन्होंने कहा कि जिले में डीसी एसपी का बेहतर कॉर्डिनेशन है, यह जिले को आगे बढ़ाने का द्योतक है।
वहीं उपायुक्त रवि आनंद और पुलिस अधीक्षक राज कुमार मेहता ने बताया कि आज हाईटेक सुविधाओं से युक्त जिला नियंत्रण कक्ष का शुभारंभ किया गया। इसमें डायल 112, यातायात कार्यालय, वायरलेस सिस्टम, नई हाईटेक मोटर बाइक पेट्रोलिंग सिस्टम एवं सीसीटीवी सर्विलांस लाइन है, जिसमे जिले के शहरी क्षेत्रों के प्रमुख स्थानों पर सीसीटीवी कैमरा के जरिए मॉनिटरिंग की जायेगी, आने वाले समय में इसकी संख्या और कवरेज क्षेत्र को और भी बढ़ाया जाएगा।
रिपोर्ट: पवन शर्मा ब्यूरो
Comments
Post a Comment