एसएनएमएमसीएच के जूनियर डॉक्टर आज से लौटेंगे काम पर
Edited By Akshay prakash
धनबाद :शहीद निर्मल महतो मेडिकल कॉलेज और अस्पताल (एसएनएमएमसीएच) के जूनियर डॉक्टर सोमवार को काम पर लौट जाएंगे।
एसएनएमएमसीएच का ओपीडी भी सोमवार की सुबह से शुरू हो जाएगा
जूनियर डॉक्टरों ने सांसद के एसएनएमएमसीएच प्रतिनिधि रामप्रवेश दास के खिलाफ कार्रवाई का आश्वासन मिलने पर काम पर लौटने की सहमति दे दी। वहीं अस्पताल प्रबंधन ने अगले आदेश तक आउटसोर्सिंग कर्मी सह सांसद के प्रतिनिधि रामप्रवेश दास को काम पर नहीं आने का निर्देश दिया है। बताते चलें कि शुक्रवार की रात जूनियर महिला डॉक्टर से दुर्व्यवहार होने के कारण शनिवार को ओपीडी बंद रहा। विरोधस्वरूप जूनियर डॉक्टरों ने हड़ताल कर दी।
आक्रोश में सांसद के एसएनएमएमसीएच प्रतिनिधि रामप्रवेश दास की पिटाई भी कर दी। उसके बाद कई दौर में बैठकें हुईं। 150 से अधिक जूनियर डॉक्टर, इंटर्न, सीनियर रेजिडेंट ने पत्र लिखकर रामप्रवेश पर कार्रवाई करने की मांग की है। वहीं दूसरी ओर सोमवार को अस्पताल के अधिकारी डीसी से मिलकर आउटसोर्सिंग कर्मी को हटाने की मांग करते हुए पूरे मामले की जानकारी दे सकते हैं। स्वास्थ्य मंत्री इरफान अंसारी ने भी मामले में आउटसोर्सिंग कर्मी के खिलाफ कार्रवाई करने का निर्देश दिया है। -- अधीक्षक को खरी खोटी सुनाने के मामले में बैठक आज सांसद समर्थकों के साथ शनिवार को वार्ता विफल होने के बाद सांसद ने अस्पताल अधीक्षक डॉ दिनेश कुमार गिंदोरिया को फोन कर खरी खोटी सुनाई थी।
प्रतिनिधि रामप्रवेश दास की पिटाई को गलत बताया। इस मामले को लेकर सोमवार को अस्पताल प्रबंधन, सीनियर डॉक्टरों, आईएमए प्रतिनिधि समेत अन्य की बैठक होगी। बैठक में उक्त मामले में ठोस निर्णय लिया जा सकता है। डॉक्टरों की ओर से यह सवाल उठाया जा रहा है कि आखिर अस्पताल कर्मी सांसद प्रतिनिधि कैसे बन सकता है। अब सबों का ध्यान सोमवार को होने वाली बैठक पर टिकी हुई है।
Comments
Post a Comment