धनबाद में राष्ट्रीय कृमि मुक्ति अभियान की शुरुआत, बच्चों को खिलाई गई दवा और दिलाई गई स्वच्छता की शपथ
Edited by Akshay prakash
धनबाद : बच्चों के स्वास्थ्य और पोषण को सुदृढ़ करने की दिशा में धनबाद जिले में राष्ट्रीय कृमि मुक्ति अभियान की शुरुआत की गई। बरमसिया मिडिल स्कूल में सोमवार को आयोजित कार्यक्रम में उपायुक्त आदित्य रंजन ने दीप प्रज्वलित कर अभियान का शुभारंभ किया।
इस दौरान बच्चों और शिक्षकों ने उपायुक्त का पुष्पगुच्छ देकर स्वागत किया। उपायुक्त ने स्वयं बच्चों को कृमिनाशक दवाएं खिलाईं और उन्हें घर व विद्यालय को स्वच्छ रखने की शपथ दिलाई। उन्होंने कहा, “स्वस्थ बच्चा ही पढ़ाई में आगे बढ़ सकता है और समाज के लिए मजबूत नींव रख सकता है।”
यह अभियान 16 से 19 सितंबर तक जिले के सभी सरकारी और निजी विद्यालयों में चलेगा। इस दौरान लाखों स्कूली बच्चों को कृमिनाशक दवा दी जाएगी। इसका उद्देश्य बच्चों को आंतों में होने वाले संक्रमण से बचाना, कुपोषण की रोकथाम करना और उनके शारीरिक व मानसिक विकास को प्रोत्साहित करना है।
पत्रकारों से बातचीत में उपायुक्त आदित्य रंजन ने बताया कि यह अभियान राज्य सरकार के निर्देशानुसार पूरे जिले में संचालित किया जा रहा है। उन्होंने कहा कि यदि किसी भी विद्यालय को अभियान के संचालन में कोई कठिनाई होती है, तो जिला प्रशासन हर संभव सहायता उपलब्ध कराएगा।
अभियान की सफलता सुनिश्चित करने के लिए शिक्षा विभाग, स्वास्थ्य विभाग और जिला प्रशासन ने संयुक्त प्रयास किए हैं। सभी विद्यालयों को पहले से ही दवाएं और दिशा-निर्देश भेज दिए गए हैं।
कार्यक्रम में स्वास्थ्य विभाग के पदाधिकारी, विद्यालय के शिक्षक, छात्र-छात्राएं और विभिन्न विभागों के प्रतिनिधि मौजूद रहे।
रिपोर्ट: अक्षय प्रकाश
Comments
Post a Comment