धनबाद SSP ने किया बैंक मोड़ थाना व टीओपी का औचक निरीक्षण, दिए सख्त निर्देश
Edited by: Akshay prakash
धनबाद के वरीय पुलिस अधीक्षक प्रभात कुमार ने शनिवार को बैंक मोड़ थाना का औचक निरीक्षण किया। इस दौरान उन्होंने थाना परिसर की सुरक्षा व्यवस्था, अभिलेख, केस डायरी, FIR रजिस्टर, मालखाना, हाजत और साफ-सफाई का बारीकी से जायजा लिया।
एसएसपी ने थाना प्रभारी व पुलिस अधिकारियों को निर्देश दिया कि हर फरियादी की शिकायत गंभीरता से सुनी जाए और लंबित मामलों का शीघ्र निपटारा किया जाए। उन्होंने अपराधियों के सत्यापन की प्रक्रिया तेज करने, गश्ती को और प्रभावी बनाने तथा असामाजिक तत्वों पर कड़ी निगरानी रखने का आदेश दिया।
आगामी पर्व-त्योहार और दुर्गा पूजा को देखते हुए उन्होंने विशेष रूप से कहा कि बाजार, मॉल और भीड़भाड़ वाले इलाकों में चौकसी बढ़ाई जाए। साथ ही थाना क्षेत्र में अवस्थित सभी बैंक और एटीएम की सुरक्षा व्यवस्था का समय-समय पर निरीक्षण करने का भी निर्देश दिया।
उन्होंने पुलिसकर्मियों को साफ-सफाई, अनुशासन, समयपालन और आम जनता के साथ शालीन व्यवहार पर जोर देते हुए स्पष्ट कहा कि कार्य में लापरवाही बर्दाश्त नहीं की जाएगी। बेहतर कार्य करने वाले पुलिसकर्मियों को प्रोत्साहित किया जाएगा जबकि लापरवाह कर्मियों पर विभागीय कार्रवाई होगी।
रिपोर्ट: अक्षय प्रकाश
Comments
Post a Comment