धनबाद का ‘ब्लैक गोल्ड’ घोटाला : अंदर बैठक–बाहर बेधड़क चोरी!


Edited by Akshay prakash
धनबाद की पहचान कोयले से है और अफसोस भी! यहां हर दिन ‘काला सोना’ अवैध तरीके से तस्करों की जेबें भर रहा है और प्रशासन सिर्फ बैठकों में कागज़ी खानापूर्ति करता नज़र आता है।
एक तरफ मीटिंग, दूसरी तरफ माइनिंग!
शनिवार को धनबाद सर्किट हाउस में विधानसभा की प्रश्न एवं ध्यानाकर्षण समिति की बैठक चल रही थी। बैठक का मुद्दा था—कोयला चोरी रोकना, अवैध खनन पर नकेल कसना और ट्रांसपोर्टिंग को नियंत्रित करना।लेकिन विडंबना देखिए, उसी वक्त सर्किट हाउस के बाहर से साइकिल पर लदा अवैध कोयला बेधड़क गुजरता रहा। जैसे प्रशासन और सुरक्षा बलों की मौजूदगी कोई मायने ही नहीं रखती।
 गरीब पर डंडा, तस्करों पर चुप्पी!

धनबाद में सबसे बड़ा विरोधाभास यही है—
जब कोई गरीब औरत या मजदूर जलावन के लिए एक टोकरी कोयला ले जाता है, तो आउटसोर्सिंग स्थल पर तैनात सीआईएसएफ के जवान उन पर टूट पड़ते हैं।महिलाओं के साथ बदसलूकी तक की जाती है।लेकिन दूसरी ओर, हाइवा, ट्रक और ट्रैक्टरों से टनों कोयले की चोरी होती है और सुरक्षा बल मूकदर्शक बने रहते हैं।यह दोहरा रवैया कहीं न कहीं तस्करों और आउटसोर्सिंग कंपनियों के स्थानीय इंचार्ज की मिलीभगत की ओर इशारा करता है।
जनता का सवाल : चोरी छोटी हो या बड़ी, चोरी तो चोरी है!
कुछ लोग तर्क देते हैं कि साइकिल वाला बेचारा गरीब है, उस पर क्यों ध्यान दिया जाए? लेकिन सच्चाई यही है—चोरी चाहे 100 किलो की हो या 100 टन की, उसका नाम चोरी ही है। और यही चोरी धीरे-धीरे लोगों की जान और इस इलाके की शांति को निगल रही है।
 धनबाद का कड़वा सच
धनबाद की तस्वीर साफ है
अंदर: अधिकारी, विधायक और सुरक्षा एजेंसियां मिलकर ‘कोयला चोरी रोकने’ पर भाषण देते हैं।
बाहर: वही अवैध कोयला धड़ल्ले से साइकिल, ट्रक और हाइवा पर लदा, उसी निर्भीकता से सड़कों से गुजरता है।यानी बैठकों और बयानों का असर सिर्फ कागज़ों तक सीमित है। ज़मीनी हकीकत में कोयले का काला कारोबार पूरे तंत्र को चुप करा देता है।
नतीजा:
धनबाद का ‘ब्लैक गोल्ड’ सिर्फ तिजोरियां भर रहा है, लेकिन जनता को बेरोजगारी, प्रदूषण, अपराध और असुरक्षा की सौगात दे रहा है।
👉 अब सवाल ये उठता है — आखिर कब तक टास्क फोर्स सिर्फ बैठक करती रहेगी और तस्कर बेखौफ़ कारोबार चलाते रहेंगे?

✍️रिपोर्ट: पवन शर्मा

Comments

Popular posts from this blog

चियरधनिया गांव के लोगों ने मुखिया जी को किया सम्मानित

2 पुलिस पदाधिकारियों को सेवानिवृत्ति पर ससम्मान विदाई

बैंक मोड़ थाना परिसर में हर्षोल्लास के साथ मनाया गया,77वां गणतंत्र दिवस थाना प्रभारी प्रवीण कुमार के नेतृत्व में हुआ ध्वजारोहण, संविधान के मूल्यों का दिलाया संदेश